वन विभाग की अपील 'पेड़ों को बचाने जलाएं कंडों की होली'

ग्वालियर। आओ जलाएं कंटों की होली' इस अभियान को मजबूती प्रदान करते हुए वन विभाग ने भी कंडों की होली जलाने की अपील की है। डीएफओ अभिनव पल्लव ने बातचीत में कहा कि..'क्योंकि जंगल लगातार कम हो रहे हैं, इसलिए पेड़ों को बचाना बेहद जरूरी है। इसलिए वन विभाग द्वारा सभी से अपील की गई है कि पर्यावरण संरक्षण के लिए कंडों की होली जलाएं। इसके लिए वन विभाग द्वारा पूरी मदद व प्रयास किया जाएगा। शहर में लकड़ी के जितने टाल हैं, उनपर वन विभाग की नजर है। अगर कोई भी टाल संचालक अवैध ढंग से लकड़ी बेचते हुए पकड़ा गया, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही वन क्षेत्र में अगर कोई व्यक्ति लकड़ी काटता या परिवहन करता हुआ पाया गया। तो उसका ट्रेक्टर, मोटर साइकिल से लेकर बैलगाड़ी तक को जब्त कर लिया जाएगा।


वनकर्मियों का नहीं रहेगा अवकाश


डीएफओ अभिनव पल्लव ने बताया कि होली पर वन क्षेत्र में शिकार की आशंका रहती है। दो दिन पहले ओहदपुर में जंगली जानवर पकड़ने के लिए लगाया गया फंदा वनकर्मियों द्वारा पकड़ा गया। इसलिए विशेष मुहीम के तहत वनकर्मियों को अवकाश नहीं रहेगा। वनक्षेत्र की 10 चौकियों पर रूट मैक के हिसाब से पेट्रोलिंग की जाएगी।


 

महाकाल को चढ़ने वाला गुलाल उपलब्ध


सिटी सेंटर स्थित वन मंडल कार्यालय में स्थित संजीवनी के द्वारा हर्बल गुलाल उपलब्ध कराया जा रहा है। पलास के फूलों से बना यह गुलाल शुरुआती 10 रुपए की कीमत में उपलब्ध है। डीएफओ पल्लव ने बताया कि यह वही गुलाल है जिससे उज्जैन में महाकाल का अभिषेक किया जाता है।