उत्तर भारत में बर्फवारी के कारण शहर में चली सर्द हवा, फिजा में घुली ठंडक

भोपाल । उत्तर भारत में हुई बर्फबारी के कारण भोपाल सहित प्रदेश के कई शहरों में ठंड बढ़ गई। उत्तरी हवाओं के चलते राजधानी की फिजा में ठंडक घुल गई। सुबह, दिन व रात में ठंडी हवा चलती रही। रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया। रात के भी पारे में कमी आई है। मौसम वैज्ञानियों के मुताबिक होली के बाद बनने जा रहे सिस्टम की वजह से प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। वहीं, भोपाल में बादलों के साथ हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिक एके शुक्ला के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। उत्तर भारत में बर्फवारी के कारण प्रदेश में मौसम बदल गया है। हवा की दिशा बदलकर उत्तरी हो गई। जिससे राजधानी में ठंडक बढ़ गई। तापमान में भी उतार-चढ़ाव बना हुआ है। अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, रात का न्यूनतम पारा भी सामान्य से 3 डिगी सेल्सियस नीचे 13.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।


 

10 मार्च तक मौसम में ज्यादा परिवर्तन की उम्मीद नहीं


दो दिन तक मौसम के मिजाज में ज्यादा बदलाव नहीं आएगा। 10 मार्च से तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। न्यूनतम तापमान में इजाफा होगा। साथ ही अधिकतम पारे में भी इजाफा संभव है। वहीं, 11 मार्च को होली पर एक बार फिर मौसम बदल सकता है। एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के आसार हैं। इससे राजस्थान के आसपास हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बनने की संभावना रहेगी। इस दौरान हवा की दिशा दक्षिणी होगी। जिससे प्रदेश में नमी आएगी। इसकी वजह से उत्तर-पूर्व मध्यप्रदेश के जिलों में बारिश होने की संभावना है। भोपाल में भी बादल छाएंगे और हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना बनी रहेगी।