तेज रफ्तार कार ने दो स्कूटरों को मारी टक्कर, 70 फीट तक घिसटे दंपती, चार की मौत

भोपाल ।  ईंटखेड़ी इलाके में शनिवार रात को एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई। करीब पौने बारह बजे एक तेज रफ्तार कार ने पहले एक स्कूटर को टक्कर मारी। उसके बाद भागने के चक्कर में एक अन्य स्कूटर पर सवार दंपती को भी रौंद दिया। हादसे में दंपती में से व्यापारी की मौत हो गई। वहीं दूसरे स्कूटर पर सवार चार दोस्तों में से तीन की मौत हो गई। इस तरह महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद कार चालक मौके पर कार को छोड़कर फरार हो गया। हालांकि देर रात को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। ईंटखेड़ी थाना प्रभारी करण सिंह के अनुसार चौकी इमामबाड़ा पीरगेट निवासी बाबूलाल साहू (70) और उनकी पत्नी लीलाबाई (65) एक शादी समारोह में ईंटखेड़ी गए थे। बाबूलाल एसिड के व्यापारी थे। शनिवार रात को वह स्कूटर से पत्नी को साथ लेकर भोपाल के लिए निकले थे। उनके आगे दूसरे स्कूटर पर रमजान खां (40) निवासी कोला मोहल्ला ईंटखेड़ी, मुन्नु शाह(30) निवासी लांबाखेड़ा, रशीद खां (34) निवासी गोया और साजिद खान (30) निवासी ईंटखेड़ी चल रहे थे। यह चारों दोस्त मुन्नु को छोड़ने लांबाखेड़ा की तरफ जा रहे थे। तभी ब्रिज के पार करते ही एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटर सवार चार दोस्तों को टक्कर मारी। इससे वह दूर जाकर गिरे। इसके बाद भागने के चक्कर में कार चालक ने बाबूलाल साहू के स्कूटर को टक्कर मार दी। स्कूटर सवार दंपती करीब 70 फीट तक घिसटते चले गए। इसके बाद आरोपित चालक कार छोड़कर भाग गया। हादसे में बाबूलाल साहू, रमजान खा, मुन्नु शाह और रशीद खां की मौत हो गई। वहीं साजिद और लीलाबाई की हालत नाजुक बनी हुई है। दोनों को अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


 

धमाके जैसी आवाज सुनी, पीछे देखा तो अनहोनी हो चुकी थीः हमारे परिवार में शादी थी। उसमें सभी रिश्तेदार आए हुए थे। कार्यक्रम के बाद बाबूलाल साहू अपने स्कूटर से पत्नी लीलाबाई को लेकर अपने घर ईंटखेड़ी जा रहे थे। हम लोग आगे चल रहे थे। पीछे-पीछे ये लोग आ रहे थे। थोड़ी दूर निकलने के बाद ईंटखेड़ी के नए ब्रिज को पार करने के बाद जैसे ही हम लोग सड़क पर आए तो एक तेज रफ्तार कार चलती नजर आई। वह हमारे बगल से निकलकर पार ही हुई थी कि अचानक से तेज धमाके जैसी आवाज सुनी। पीछे मुड़कर देखा तो सड़क पर बाबूलाल साहू, उनकी पत्नी और एक अन्य स्कूटर पर सवार लोग खून से लथपथ पड़े थे। हम लोगों को समझ में आ गया था कि तेज रफ्तार कार ने दोनों को टक्कर मारी थी। हमने बिना समय गंवाए उन्हें पास के ही अस्पताल में भर्ती कराया। तब तक पुलिस भी आ गई थी। अस्पताल में डॉक्टर ने बाबूलाल साहू को चेक कर मृत घोषित कर दिया। वहीं लीलाबाई की हालत नाजुक है। उन्हें दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


 

(जैसा कि बाबूलाल साहू के रिश्तेदार अजय साहू ने नवदुनिया को बताया)


दोस्त को छोड़ने गए थे सभीः हादसे में जान गंवाने वाले रशीद खां के भाई सलीम खां ने बताया कि रशीद निजी कंपनी में काम करता था। उसके दो बच्चे हैैं। वह अपने दोस्त मुन्नु शाह को लांबाखेड़ा छोड़ने के लिए जा रहा था। उसके साथ में बाकी दोस्त भी हो लिए। इसमें रमजान पंचर की दुकान चलाता था। वहीं मुन्नु शाह की तीन बेटियां हैं। रमजान की एक बेटी है। पत्नी दिव्यांग हैं। हादसे में घायल साजिद की हालत गंभीर है। जान गंवाने वाले तीनों अच्छे दोस्त थे। इसी कारण एक स्कूटर पर चारों बैठकर आ गए थे। इसमें रमजान को सभी लोग दूल्हा भाई कहकर बुलाते थे।


कार किसी कंपनी में अटैच हैः थाना प्रभारी करण सिंह का कहना है कि कार किसी निजी कंपनी में अटैच है। वह किसी ओमकार सिंह के नाम पर आरटीओ विदिशा में रजिस्टर्ड है। पता वार्ड 20 राजेंद्र नगर बासौदा का है।