भोपाल। शिवराज सिंह चौहान के चाैथी मर्तबा मध्य प्रदेश का सीएम बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित प्रमुख नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
सक्षम और अनुभवी प्रशासक
शिवराज सिंह चौहान को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई। वह सक्षम और अनुभवी प्रशासक हैं और मप्र के विकास को समर्पित हैं। हमारी शुभकामनाएं हैं कि मप्र उनके नेतृत्व में विकास की नई ऊंचाइयां प्राप्त करें।
नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री
संकल्प पत्र के हर वादे को जमीन पर लाएगी सरकार
मैं हमारे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा को प्रदेश की जनता की सेवा का पुन: अवसर मिलने पर असीम शुभकामनाएं देता हूं। भाजपा की सरकार संकल्प पत्र के हर वादे को जमीन पर लाएगी। यह सरकार गरीब, शोषित, वंचित, पीड़ित, महिलाओं और युवाओं को समर्पित होगी।
कांग्रेस सरकार के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे
प्रदेश के 19वें मुख्यमंत्री के रूप में शिवराज सिंह चौहान के शपथ लेने पर मैं उन्हें बधाई देता हूं। साथ ही उम्मीद करता हूं कि वे कांग्रेस सरकार के जनहितैषी कार्यों, निर्णयों तथा योजनाओं को प्रदेश हित में आगे बढ़ाएंगे। आज से हम सकारात्मक विपक्ष की भूमिका का निर्वहन कर नई सरकार के जनहितैषी कामों तथा निर्णयों में पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे। सरकार के हर काम व निर्णय पर निगाह भी रखेंगे। अगर राजनीतिक दुर्भावना से हमारी किसी भी योजना व फैसले को रोका गया तो हम उसे सहन नहीं करेंगे।
22 पूर्व विधायकों का आभार
जिन 22 पूर्व विधायकों ने अपनी पार्टी की सदस्यता त्यागकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। मैं उन साथियों के प्रति आभार प्रकट करता हूं और उन्हें धन्यवाद देता हूं। मैं उन्हें आश्वस्त करता हूं उनकी उम्मीदों पर खरा उतरूंगा और विश्वास पर टूटने नहीं दूंगा।
शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री
उम्मीदों पर उतरेंगे खरे
मध्यप्रदेश की जनता की उम्मीदों पर शिवराज सिंह चौहान पहले की तरह पूर्णत: खरे उतरेंगे। वह तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं, जिससे प्रदेश की अपेक्षाओं-आकांक्षाओं को भली-भांति जानते हंै। मुझ सहित सभी नेताओं की दिली इच्छा थी कि वह पुन: मप्र की कमान संभालें। भाजपा में व्यक्ति नहीं सिद्धांतों का महत्व है। भाजपा विधायक दल ने सर्वश्रेष्ठ चयन किया है।
नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण, ग्रामीण विकास तथा पंचायती राज मंत्री
विकास के नए आयाम स्थापित करेगा प्रदेश
मप्र में भाजपा सरकार बनने और चौथी बार मुख्यमंत्री का पद संभालने पर शिवराज सिंह चौहान को बधाई। प्रदेश के विकास प्रगति और उन्नाति में मैं सदैव आपके साथ खड़ा हूं। मुझे पूरा विश्वास है कि उनके नेतृत्व में मप्र विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
ज्योतिरादित्य सिंधिया, भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री
विकास को गति मिलेगी
लोकप्रिय नेता शिवराज सिंह चौहान ने चौथी बार प्रदेश की कमान संभालने से मप्र के विकास को नई ऊंचाइयां मिलेंगी।
कैलाश सोनी, राज्यसभा सदस्य
दुर्गति के लिए कांग्रेस स्वयं जिम्मेदार
15 माह जो सरकार रही वह चार-पांच लोगों के बीच सीमित हो गई थी। अपनी दुर्गति के लिए कांग्रेस सरकार खुद जिम्मेदार है। विधायकों से बात करने की फुर्सत नहीं थी कहते थे चलो-चलो।
हरदीप सिंह डंग, पूर्व विधायक