सभी स्टेडियम, मैदान और खेल संस्थान 31 मार्च तक के लिए बंद, टीटी नगर स्टेडियम पर पसरा सन्नाटा

भोपाल / कोरोना वायरस का प्रभाव अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के बाद स्थानीय खेलों पर भी दिखने लगा है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के आदेश के बाद राजधानी के सभी स्टेडियम, मैदान और खेल संस्थान 31 मार्च तक के लिए बंद कर दिए गए हैं।  स्टेडियम और मैदान के मुख्य द्वारों पर विभाग के आदेश चस्पा कर दिए गए हैं और मुख्य द्वार पर पर ताले लगा दिए गए हैं। टीटी नगर स्टेडियम दो दिन पहले तक खिलाड़ियों से भरा नजर आता था, मंगलवार को सुनसान नजर आया। वहीं, ओल्ड कैंपियन, बाबे आली और अंकुर मैदान पर कुछ खिलाड़ी अभ्यास के लिए पहुंचे, लेकिन उन्हें सिक्योरिटी गार्ड ने लौटा दिया।


सभी बच्चों को घर लौटाया


यहां 14 अकादमियों के करीब एक हजार खिलाड़ी रोजाना प्रशिक्षण हासिल करते थे और यहीं हॉस्टल में रहते थे। कोरोना संक्रमण से बचने के लिए हॉस्टल के ज्यादातर खिलाड़ी घर लौट चुके हैं। सभी खेलों के सेंटर खाली पड़े हैं। यहां किसी भी खेल का प्रशिक्षण नहीं हो रहा है। बच्चों को छुट्टियों पर घर भेज दिया गया है। वर्तमान में करीब 20-25 बच्चे ही रुके हैं जिनके एग्जाम चल रहे हैं।  


मेजर ध्यानचंद स्टेडियम  
मप्र पुरुष हॉकी अकादमी के खिलाड़ी अभ्यास करते थे। रोजाना  सुबह-शाम हॉकी स्टिक की खट-खटाहट यहां सुनाई देती थी।  मैदान में सन्नाटा, न खिलाड़ी, न हॉकी स्टिक की आवाज। प्रैक्टिस पूरी तरह बंद। यहां स्टाफ कर्मी व उनके परिजन ही हैं।