मुरार नदी किनारे सड़क बनाने हरे-भरे पेड़ों की ले ली बलि

ग्वालियर। मुरार नदी के दोनों ओर बनाई जा रही सड़क के लिए हरे-भरे पेड़ों की बलि ली जा रही है। नदी पार टाल पुल के पास एक दर्जन से ज्यादा बड़े पेड़ काट डाले। नगर निगम के पार्क विभाग को इसकी भनक तक नहीं है। नेशनल ग्रीन ट्रिब्युनल(एनजीटी) के आदेश भी ताक पर रख दिए हैं। विधायक मुन्नाालाल गोयल की पहल पर निगम प्रशासन ने नदी का प्रोजेक्ट मंजूरी के लिए भोपाल भेजा है।


प्रस्ताव अटका फिर भी बनाई जा रही है सड़क


नगर निगम प्रशासन ने


मुरार नदी के दोनों ओर सड़क सहित अन्य कार्यों का प्रोजेक्ट मंजूरी के लिए भोपाल भेजा है। इसे अभी मंजूरी नहीं मिली है। लेकिन सड़क का काम चालू है। निगम की मशीनरी इसमें लगी हैं। नदी के दोनों ओर खुदाई कर मुरम की सड़क बनाई जा रही है। नदी पार टाल पुल के पास एक दर्जन से ज्यादा पेड़ इसमें बाधा थे। निगम अधिकारियों के कहने पर ठेकेदार ने उन्हें कटवा दिया।


 

प्रमुख सचिव ने जताई थी नाराजगी


मुरार नदी के सौंदर्यीकरण के लिए नगर निगम ने 60 करोड़ का प्रस्ताव तैयार किया था। पिछले साल गर्मियों में प्रमुख सचिव संजय दुबे ने निरीक्षण के दौरान उसमें तमाम तकनीकी खामियां गिना दी थीं। इसके बाद भी प्रस्ताव भोपाल भेज दिया गया। इधर सड़क बनाने का काम भी नहीं रोका। यह सड़क खतरनाक है। बरसात में नदी में तेज बहाव से पानी आने पर यह ज्यादा खतरनाक हो सकती है।


 

इनका कहना है


मुरार नदी में पेड़ काटने की उन्हें जानकारी नहीं मिली है। सोमवार को मौके पर जाकर वस्तुस्थिति देखी जाएगी।


मुकेश बंसल, पार्क अधीक्षक ननि