मंदिरों के पट रहे बंद, भगवान की आरती करने रात्रि में रुके पुजारी

ग्वालियर। रविवार को जनता कर्फ्यू को देखते हुए शनिवार की रात्रि में ही पुजारी मंदिरों में रुक गए। सुबह उठकर उन्होंने मंदिरों में भगवान की पूजा की साथ आरती की । साथ ही शाम को भी भगवान की आरती की गई। हालांकि इस दौरान मंदिरों के पट बंद रहे। वहीं भक्त भी नहीं पहुंचे। जनता कर्फ्यू को देखते हुए शनिवार की रात्रि में ही अचलेश्वर महादेव मंदिर, सनातनधर्म मंदिर और साईं बाबा मंदिर के पुजारी मंदिर में रुक गए। सुबह उठकर इन पुजारियों ने मंदिरों में भगवान की विधि विधान से जलाभिषेक किया। इसके बाद भगवान की पूजा आराधना कर आरती की। इसके बाद शाम को भगवान की आरती की गई।


मंदिर में ही बनाया भोजन


अचलेश्वर महादेव मंदिर व साईं बाबा मंदिर की रसोई में पुजारियों और भगवान के भोग के लिए भोजन तैयार किया गया। इसके बाद इससे पहले भगवान को भोग लगाया। बाद में पुजारियों ने भोजन ग्रहण किया।



मंदिर पर नहीं हुआ भंडारा


अचलेश्वर महादेव मंदिर में गरीब लोगों के लिए प्रतिदिन भंडारे का आयोजन किया जाता है। लेकिन रविवार को जनता कर्फ्यू के कारण भंडारे को रद्द कर दिया गया। इसके कारण अचलेश्वर महादेव मंदिर के बाहर बैठने वाले भिखारियों को दोपहर में भोजन नहीं मिल सका।