महाराज बाड़ा, सराफा बाजार व दौलतगंज में 14 घंटे रहा सन्नाटा, घरों से भी नहीं झांके लोग

ग्वालियर। महाराज बाड़ा, सराफा बाजार व दौलतगंज नगर के प्रमुख व्यवसायिक क्षेत्र होने के साथ घनी बस्ती है। 24 घंटे ट्रैफिक रहता है। जनता कर्फ्यू में सुबह 7 बजे से ही सड़कों पर ट्रैफिक थम गया था। महाराज बाड़ा, दौलतगंज व सराफा बाजार की सड़कों पर सन्नााटा छाया हुआ था। कोरोना को हराने के लिए संकल्पबद्ध लोगों ने घरों से निकलना तो दूर खिड़की व गोख से झांकें तक नहीं। जो लोग माहौल देखने के लिए घरों से निकले लोगों को पुलिस ने टोक-टोक कर उन्हें भी घरों में जाने के लिए मजबूर कर दिया। लोगों ने स्वेच्छा से जनता कर्फ्यू का पालन किया। दौलतगंज पर लगाया चेकिंग प्वॉइंट - पुलिस दौलतगंज के मध्य में चेकिंग प्वॉइंट लगाकर खड़ी हो गई। जवानों ने इस मार्ग से निकलें बाइक सवारों को रोककर उनसे पूछा कि घर से क्यों निकले हो। वाजिब कारण बताने पर जाने दिया। जो लोग घर से निकलने का सही कारण नहीं बताएं उन्हें वापस लौटा दिया। सुबह 7 बजे तक रात तक सड़कों पर सन्नाटा रहा।