जीडीए से जमीन खरीदी, घर बनाने पहुंचे तो वहां पहले ही दो मकान बने मिले

ग्वालियर । जीडीए से जमीन खरीदी थी, सोचा था सपनों का आशियाना बनाएंगे। पर जब जमीन पर घर बनाने पहुंचे तो वहां पहले से ही दो मकान बने मिले। पूछा तो उन्होंने रजिस्ट्री दिखा दी। घटना शताब्दीपुरम महाराजपुरा की है। पीड़ित ने मामले की शिकायत महाराजपुरा थाना में की है। जिस पर दस्तावेज की जांच के बाद पुलिस ने दो लोगों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। मुरैना के अंबाह निवासी जयकरण सिंह तोमर ने वर्ष 2019 में जीडीएस से पत्नी आरती सिंह के नाम पर शताब्दीपुरम में एक प्लॉट खरीदा था। उन्होंने सोचा था कि अपने सपनों का मकान बनवाएंगे। कुछ दिन पहले वह प्लॉट पर कब्जा लेने पहुंचे तो देखा कि उनके आधे प्लॉट पर एक मकान बना हुआ है। इसमें माया गुप्ता पत्नी विजय गुप्ता निवासी देवनगर गल्ला मंडी के पास निवास कर रही हैं और आधे भाग पर दूसरा मकान लगभग तैयार है। इसमें रूबी भदौरिया पत्नी राजकिशोर भदौरिया निवासी साठ फुटा रोड रह रही हैं। इस पर उन्होंने अपत्ति जताई। जिस पर माया और रूबी ने रजिस्ट्री दिखाई। जब जयकरण जीडीए पहुंचा तो बताया गया कि उसकी ही जमीन है। इस पर उसने महाराजपुरा थाना पहुंचकर शिकायत की है। साथ ही पुलिस ने उनकी जमीन पर मकान बनाकर कब्जा करने वालों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।