होटल में घुसे जंगली सूअर ने कांट्रेक्टर पर किया हमला, 13 विदेशी मेहमानों ने भागकर बचाई जान

भोपाल । भोपाल में वन विहार के पास स्थित साया जी होटल के भीतर घुसकर एक जंगली सूअर ने यहां ठहरे लोगों पर हमला कर दिया। इसमें मयूर धावे नाम के कांट्रेक्टर की जांघ में 12 सेमी लंबा व गहरा घाव हो गया है। वहीं 13 विदेशी मेहमानों ने भागकर अपनी जान बचाई। एक निजी अस्पताल में घायल का इलाज चल रहा है। घटना शुक्रवार सुबह 5.48 बजे की है। सूचना के बााद वन विभाग की टीम ने सूअर को पकड़ने के लिए चार घंटे तक मशक्कत की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। हालांकि उसे आबादी से दूर भगा दिया। होटल के सीसीटीवी फुटेज से सामने आया कि छोटे कद का सूअर मुख्य मार्ग से दौड़ते हुए होटल के अंदर घुस गया। इस दौरान होटल का मुख्य प्रवेश द्वार बंद था। पैदल आने-जाने के लिए एक छोटा सा गेट खुला था। सूअर होटल के अंदर गैलरी में घुसा तो यहां खड़े मयूर के मेहमान भागने लगे। मयूर ने भी सूअर को खदेड़ने की कोशिश की तो उसने उन पर हमला कर दिया। यहां मयूर आस्ट्रिया से आए अपने मेहमानों को एयरपोर्ट छोड़ने की तैयारी कर रहे थे। घायल के परिजन रविवार को कमला नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराने पहुंचे। परिजन का कहना है कि पुलिस एफआईआर दर्ज करने से बच रही है।


 

आपबीतीः होटल प्रबंधन की लापरवाही


मैं अपनी बहन के शादी के लिए होटल में 29 फरवरी से रुका था। बहन की शादी विदेश में हुई है। आस्ट्रिया से आए करीब 13 मेहमानों को छोड़ने के लिए एयरपोर्ट जाना था। गाड़ी का इंतजार करने के लिए होटल के अंदर गैलरी में खड़ा था। विदेशी मेहमान भी वहां पर थे। मैंने सूअर को देखा तो मेहमानों का दूर किया। इसी दौरान सूअर ने हमला कर मुझे गिरा दिया। इसके बाद मैें मेहमानों को छोड़ने उसी हालत में एयरपोर्ट गया। होटल प्रबंधन की लापरवाही यह है कि जब यहां जंगली जानवर आ जाते हैं तो एयर गन आदि की व्यवस्था क्यों नहीं की गई। मेहमानों पर सूअर का हमला होता तो वह विदेश भी नहीं लौट पाते।


 

मयूर धावे, कांट्रेक्टर, निवासी-सारिणी बैतूल


पहली बार कोई जानवर अंदर आया है। छोटा सा गेट खुला था। गार्ड मौजूद था। उसने सूअर को रोकने की कोशिश की पर वह अंदर घुस गया। बचाने के फेर में सूअर ने एक गार्ड पर भी हमला किया। उसकी अंगुली में भी चोट आई है। इसकी सूचना उसी दिन पुलिस को भी दे दी थी।


विनोद त्रिपाठी, प्रबंधक, साया जी होटल


अभी यह नहीं कह सकते कि सूअर जंगली है या घरेलू। कई बार सामान्य सूअर भी हमला कर देते हैं। सूअर को पकड़ने की 4 घंटे तक कोशिश की पर वह पकड़ में नहीं आया। अभी वन विभाग की टीम क्षेत्र में नजर रखे है।


एके झंवर, रेंजर, समरधा रेंज