भोपाल। कमलनाथ सरकार पर सत्ता को लेकर मंडरा रहे संकट के बीच कांग्रेस विधायक बिसाहूलाल सिंह, रघुराज कंसाना, हरदीप सिंह डंग और निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा अब भी गायब हैं। नईदुनिया ने जब सभी विधायकों के भोपाल स्थित निवास पर जाकर पड़ताल की तो नई कहानियां सामने आईं। कुछ के घरों पर ताले लगे मिले। वहीं, कुछ के घरों पर लोगों से बातचीत करने पर पता चला कि विधायक पिछले एक सप्ताह से घर आए ही नहीं और दो मार्च से घर वालों से बातचीत भी नहीं हुई है। बिसाहूलाल की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। सुरेंद्र सिंह शेरा के आवास में ताला लगा हुआ मिला। इधर, सरकार बदलने की घबराहट तेज हो गई है। इसी के चलते श्रेय लेने की होड़ में कांग्रेस सरकार ने भोपाल जिले में सालों से लंबित आवास मिशन के पट्टे वितरण और मास्टर प्लान जारी कर दिया है।
समय : 5 मार्च दोपहर 12 बजे
स्थान : मालवीय नगर स्थित विधायक बिसाहूलाल सिंह का घर
घर का दरवाजा खुला हुआ मिला। ऐसा लगा कि वे घर लौट आए हैं, लेकिन जब घर की घंटी बजाई तो उनका बेटा बाहर निकला। थोड़ी देर बाद बेटे के दोस्त अपूर्व शुक्ला ने बताया कि अंकल से दो मार्च के बाद कोई बातचीत नहीं हुई है। इससे ज्यादा बातचीत पर उन्होंने मना कर दिया। घर में माहौल काफी तनाव वाला दिखाई दे रहा था और सभी लोग घबराए हुए थे।
समय : 5 मार्च दोपहर एक बजे
स्थान : विधायक विश्राम गृह स्थित विधायक रघुराज सिंह कंसाना का आवास
नईदुनिया की टीम जब रघुराज सिंह कंसाना के आवास पर पहुंची तो वहां कुछ लोग दिखाई दिए। उनसे पूछा तो पता चला कि वे एक सप्ताह से आवास पर नहीं आए। एक सप्ताह पहले ही उनसे बातचीत हुई थी। इसके बाद से उनका नंबर बंद आ रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले से इस तरह की प्लानिंग चल रही थी।
समय: 5 मार्च दोपहर 1.30 बजे
स्थान : विधायक विश्राम गृह स्थित हरदीप सिंह डंग का आवास
पिछले कुछ दिनों से अपनी ही सरकार से नाराज विधायक हरदीप सिंह डंग के आवास पर भी ताला लगा मिला। इनसे जुड़े कुछ लोगों ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि वे कुछ दिनों से अपने काम न होने को लेकर परेशान थे। वहीं, कई बार मंत्रियों से बातचीत के दौरान तेज आवाज में बातचीत भी करते थे। हालांकि, एक सप्ताह से वे किसी के संपर्क में नहीं हैं।
बिसाहूलाल की गुमशुदगी दर्ज, शेरा बोले-जल्दी ही लौटूंगा
सियासी संकट के बीच सत्ता और संगठन के दिग्गज नेता विधायक बिसाहूलाल सिंह से संपर्क करते रहे उनके पुत्र तेजभान ने भोपाल के थाने में गुमशुदगी का प्रकरण दर्ज करा दिया है। इसमें कहा गया है कि वह 2 मार्च की शाम को रायपुर जाने के लिए घर से निकले थे लेकिन गंतव्य पर नहीं पहुंचे। रिश्तेदारों से पूछताछ की लेकिन अब तक उनका पता नहीं चल रहा। इस बीच विधायक शेरा ने 'नईदुनिया' से फोन पर हुई चर्चा में कहा कि वह इस समय अपने परिवार के साथ बेंगलुरु आए हैं। सरकार को समर्थन के सवाल पर उनका प्रतिप्रश्न था- क्या आपको कोई शक है? कब लौटेंगे? इसके जवाब में वह बोले कि जल्दी ही लौट आऊंगा। पार्टी के सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री से शेरा, बिसाहूलाल और कंसाना की बात हो चुकी है।
बिसाहूलाल की गुमशुदगी पर भाजपा नेताओं का पुतला फूंका : अनूपपुर विधानसभा के विधायक व पूर्व मंत्री बिसाहूलाल सिंह के दिल्ली और गुरुग्राम स्थित होटल में भाजपा नेताओं के साथ दिखाई देने और फिर उन्हें बेंगलुरु ले जाने की खबर से स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता नाराज हैं। गुरुवार दोपहर युवक कांग्रेस तथा अनूपपुर जिला सेवादल यंग ब्रिगेड के जिला अध्यक्ष जितेंद्र सोनी के नेतृत्व में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा एवं पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा का पुतला फूंका।
विधायक रघुराज कंसाना के घर मिलीं सिर्फ महिलाएं
कांग्रेस विधायक रघुराज कंसाना का मोबाइल गुरुवार को भी स्विच ऑफ रहा। नईदुनिया टीम जब उनके घर पहुंची तो कोई भी पुरुष सदस्य नहीं था। घर में सिर्फ महिलाएं मिलीं। जिन्होंने विधायक के बारे में जानकारी नहीं होने की बात कही। विधायक के भाई संजीव उर्फ बंगाली भी घर पर नहीं थे। उनका मोबाइल भी स्विच ऑफ था। हालांकि विधायक का स्थानीय स्तर पर काम देखने वाले राजबीर उर्फ टिंकू तोमर ने बताया कि एक आपराधिक मामले में विधायक व उनके भाई भोपाल में पेशी पर हैं। दो दिन से वे स्पेशल न्यायालय में ही पेशी पर हैं। उस मामले में विधायक के साथ-साथ उनके परिवार के 12 लोग आरोपित हैं। टिंकू के मुताबिक एफआईआर कराने की कोई बात नहीं है।