स्वास्थ्य मंत्री सिलावट औचक निरीक्षण पर संजीवनी पहुंचे; खुद भी कराई स्वास्थ्य की जांच, ब्लड प्रेसर चेक कराया

स्वास्थ्य मंत्री सिलावट औचक निरीक्षण पर संजीवनी पहुंचे; खुद भी कराई स्वास्थ्य की जांच, ब्लड प्रेसर चेक कराया


भोपाल। स्वास्थ्य मंत्री तुलसी सिलावट ने शनिवार को राजधानी के संजीवनी क्लीनिक का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नया बसेरा स्थित संजीवनी क्लीनिक में अपना ब्लड प्रेशर चेक कराया। साथ ही उन्होंने मरीजों से चर्चा की। नया बसेरा के अलावा स्वास्थ्य मंत्री प्रदर्शनी नगर और अन्ना नगर स्थित संजीवनी क्लीनिक पहुंचे। यहां पर मरीजों ने बताया कि संजीवनी क्लीनिक पर पीने के पानी की व्यवस्था नहीं है।


मंत्री सिलावट ने स्वास्थ विभाग के अधिकारियों को क्लीनिक पर आरओ सिस्टम लगाने के निर्देश दिए, साथ ही क्लीनिक पर समस्त 120 प्रकार की दवाइयां और जांच समिति मरीजों के उपयोग में आने वाले 64 प्रकार के उपकरण की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पार्षद मोनू सक्सेना और गुड्डू चौहान मौजूद रहे।


मरीज संजीवनी आएं तो बगैर इलाज के लौटना नहीं चाहिए


उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी मरीज संजीवनी केंद्रों से असंतुष्ट होकर नही जाए। सभी प्राथमिक सुविधा और स्वास्थ्य की जांच यहीं पर की जाएं। उन सबका का ऑनलाइन रिकार्ड भी संधारित किया जाए, जिससे मरीजों का रिकार्ड उपलब्ध रहें। गंभीर बीमारी और भर्ती करने की स्थिति में ही मरीज को यहां से अन्य अस्पताल भेजा जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि संजीवनी का संचालन बेहतर तरीके से किया जाए। इसमें समयबद्ध तरीके से डॉक्टर और सभी स्टाफ उपलब्ध है। सरकार द्वारा घोषित सभी जांचें की सुविधाएं निरंतर उपलब्ध रहें और आम जनता को उसकी सुविधा का लाभ मिलता रहें।