मॉब लिंचिंग की घटना के 9 दिन बाद पुलिस के हाथ लगे मुख्य आरोपी; गुजरात भागने के फिराक में थे

मॉब लिंचिंग की घटना के 9 दिन बाद पुलिस के हाथ लगे मुख्य आरोपी; गुजरात भागने के फिराक में थे


धार। माॅब लिचिंग मामले में पुलिस ने मुख्य षडयंत्रकर्ता अवतार, उसके भाई सुनील और पिता गुलाब काे गिरफ्तार किया है। यह लाेग गुजरात भागने की फिराक में थे। आरोपी अवतार का काका भुवान पहले ही गिरफ्तार हाे चुका है। इधर, तिरला पुलिस ने दाे आराेपियाें साेहन और मडिया काे काेर्ट में पेश किया। जहां से दाेनाें काे जेल भेज दिया गया है।


अवतार ही वह व्यक्ति है जाे कि किसानाें से मजदूरी के रुपए लेकर आया था, बाद में मजूदरी करने नहीं गया। सुनील और अवतार ने किसानाें काे रुपए ले जाने के लिए खिड़किया बुलाया था। इसी दाैरान उन पर पत्थराें से हमला कर दिया गया। सुनील खिड़किया के घाट के नीचे खड़ा था, किसानाें ने उसे पहचान कर कार में बैठा लिया था। जब वे कार से भाग रहे थे तब बच्चा चाेर की अफवाह उड़ाकर बाेरलाय में भीड ने पत्थर-लाठी से हमलाकर किया था। इसमें एक किसान की माैत हाे गई थी। तिरला टीआई एसएस नागर के अनुसार अब तक कुल 30 आराेपियाें काे गिरफ्तार कर लिया गया है।


अब तक 30 गिरफ्तार, 7 पुलिसकर्मी सस्पेंड
मॉब लिंचिंग का मामला 5 फरवरी को हुआ था। उस मामले में पुलिस की भी बड़ी लापरवाही सामने आई थी। जांच के बाद एसपी सिंह ने मनावर थाना प्रभारी समेत 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया था। वहीं, तिरला के एएसआई को भी लापरवाही सामने आने के बाद सस्पेंड कर दिया गया था। इधर, मुख्य षड्यंत्रकर्ता अवतार और उसके पिता व भाई की गिरफ्तारी को मिलाकर 30 आरोपी पुलिस की पकड़ में आ चुके हैं। हालांकि, कुछ आरोपी अभी भी फरार हैं।


गुजरात में बचे आरोपियों की तलाश कर रही पुलिस
माॅब लिंचिंग के मामले में पुलिस की लगातार किरकिरी हुई है। इस पर एसपी आदित्यप्रताप सिंह लगातार सख्ती से टीम को छापे मारने के निर्देश देते रहे। वे खुद भी लगातार आरोपियों से पूछताछ कर रहे थे। इसके लिए एक टीम को गुजरात भेजा गया है। वहां रहकर काम करने वाले मजदूरों के बीच पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।